पंजाब के फाजिल्का से पकड़ में आया बाबा सिद्दिकी हत्याकांड का वांटेड, महाराष्ट्र पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर ले गई
पंजाब के फाजिल्का से महाराष्ट्र पुलिस ने बाबा सिद्दिकी हत्याकांड मामले में वांटेड आरोपी को गिरफ्तार किया है। महाराष्ट्र पुलिस ने आरोपी को हिंदुस्तान-पाकिस्तान सीमा से सटे गांव से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसका अस्पताल में मेडिकल करवाया, इसके बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया और ट्रांजिट रिमांड पर लेकर अपने साथ महाराष्ट्र ले गई।
इस संबंध में फाजिल्का के डीएसपी इन्वेस्टिगेशन बलकार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि महाराष्ट्र पुलिस टीम फाजिल्का आई, पुलिस ने फाजिल्का के भारत-पाक बॉर्डर के साथ लगते गांव से आरोपी को काबू किया और इसके बाद फाजिल्का के सदर थाना में पहले आरोपी को बंद करवाया उसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां उसका मेडिकल हुआ, मेडिकल करवाने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि आरोपी का बाबा सिद्दिकी केस में क्या रोल है और उसे क्यों पकड़ा है इस बारे में महाराष्ट्र पुलिस ही बता पाएगी।
बहरहाल आपको बता दें कि एनसीपी नेता बाबा सिद्दिकी की महाराष्ट्र के बांद्रा में 12 अक्टबूर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ये घटना उस वक्त हुई थी जब बाबा सिद्दिकी अपने बेटे जीशान सिद्दिकी के ऑफिस के पास मौजूद थे। बाबा सिद्दिकी 66 साल के थे। बाबा सिद्दिकी की सलमान खान से गहरी दोस्ती थी।